6,4,6,4,6,4…सरफराज खान ने अभिषेक शर्मा की कर दी ठुकाई, फास्टेस्ट 50 का रिकॉर्ड तोड़ा, मुंबई तब भी 1 रन से हारी


Sarfaraz Khan in Vijay Hazare Trophy 2025-26: सरफराज खान ने मुंबई के लिए महज 20 गेंद में 62 रन की पारी खेली है। इस सीजन में सरफराज अब दो धुआंधार फिफ्टी और एक शतक बना चुके हैं।

Sarfaraz Khan
सरफराज खान ने 15 गेंद में फिफ्टी लगाकर विजय हजारे ट्रॉफी में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
जयपुर: टीम इंडिया के लिए अजीत अगरकर की अगुआई वाली सलेक्शन कमेटी को भले ही सरफराज खान में पोटेंशियल ना दिख रहा हो, लेकिन मुंबई का यह बल्लेबाज इसका जवाब हर मैच में अपने बल्ले से दे रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में सरफराज खान ने गुरुवार (8 जनवरी) को तहलका मचा दिया। इस तहलके का असली शिकार बने टीम इंडिया के लिए अपने छक्कों से पूरी दुनिया में चर्चा पाने वाले अभिषेक शर्मा, जो पंजाब की तरफ से खेलते हुए बल्ले से फ्लॉप होने के बाद गेंदबाजी में सरफराज का शिकार बन गए। सरफराज ने मुंबई के लिए महज 20 गेंद में 62 रन की विस्फोटक पारी खेली है, जिसमें उन्होंने पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा की स्पिन गेंदबाजी पर एक ही ओवर में 30 रन कूटते हुए महज 15 गेंद में अपना पचासा पूरा कर लिया।

यह विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे तेज 50 रन का नया रिकॉर्ड है। सरफराज ने अतीत सेठ का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2020-21 में वडोदरा के लिए खेलते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ 16 गेंद में फिफ्टी लगाई थी। सरफराज ने गेंदों की इस कदर धुलाई कर रहे थे कि अभिषेक को गेंद कहां फेंकनी है, वो जगह पिच पर तलाशनी भारी हो गई। अभिषेक बल्लेबाजी में 8 रन ही बना पाए थे। सरफराज के लिए हालांकि बेहद निराशा की बात ये रही कि उनकी इस जबरदस्त पारी के बावजूद मुंबई 1 रन से यह मैच हार गई। पंजाब ने 45.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 216 रन बनाए थे, जबकि मुंबई की पूरी टीम सरफराज और कप्तान श्रेयस अय्यर (45 रन) की पारियों के बावजूद 26.2 ओवर में 215 रन पर ऑलआउट हो गई।

3 छक्के और 3 चौके लगाए ओवर में

सरफराज खान अपने भाई मुशीर खान (21 रन) के आउट होने पर मैदान में आए। उन्होंने पहली ही गेंद से जबरदस्त शॉट लगाने शुरू कर दिए। अभिषेक शर्मा ने अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से सरफराज को रोकने की सोची। नतीजा उनके ओवर में 3 छक्के और 3 चौकों के साथ सरफराज ने 30 रन कूट दिए। पहली गेंद पर छक्का लगा, दूसरी पर 4 रन आए, तीसरी गेंद फिर 6 के लिए चली गई तो चौथी गेंद पर फिर से चौका मार दिया। पांचवी गेंद को भी सरफराज ने छक्के के लिए भेज दिया और छठी गेंद पर 4 रन बनाकर अभिषेक के मनोबल को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।

9वें ओवर में आए, 15वें ओवर में वापस चले गए

सरफराज खान ने महज 20 गेंद में 62 रन की पारी खेली, जिसें उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। सरफराज 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए थे और 15वें ओवर की चौथी गेंद पर उनकी पारी तब खत्म हुई, जब स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने उन्हें एलबीडब्ल्यू के जाल में फंसा लिया। इस दौरान कोई भी गेंदबाज मैदान में सहज नजर नहीं आया।

इस सीजन में मचा रखा है तहलका

सरफराज ने इस घरेलू क्रिकेट सीजन में जबरदस्त तहलका मचा रखा है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में नॉटआउट 100 (47), 52(40), 64(25) और 73(22) रन की पारियां खेली थीं। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 55(49), 157(75) के बाद अब 62 (20) की पारी खेल दी है। आईपीएल ऑक्शन में सरफराज खान को पहली बार में किसी टीम ने नहीं खरीदा था। पिछले सीजन में भी वे बिना बिके ही रह गए थे। बाद में ऑक्शन के दूसरे राउंड में सरफराज खान पर चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में ही दांव खेला और अब निश्चित तौर पर महेंद्र सिंह धोनी की टीम बेहद खुश हो रही होगी।

कुलदीप पंवार

लेखक के बारे मेंकुलदीप पंवारमैं कुलदीप पंवार हूं — राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी से रिपोर्टर बना हूं. दो दशक से ज्यादा समय से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती से लेकर सभी खेलों और खिलाड़ियों की कहानियों को मैदान से न्यूजरूम तक पहुंचा रहा हूं। खुद खिलाड़ी रहा हूं, इसलिए मैदान की हर नब्ज समझता हूं। खेल मेरे लिए खबर या कोई बीट नहीं, जिंदगी और जज्बा है। इस सफर में कई बड़े संस्थानों में काम करने का अनुभव रहा है। सोशल वर्क की पढ़ाई की है। खेल के अलावा स्थानीय, राजनीतिक, कृषि, शिक्षा, यूथ और डेवलपमेंट मुद्दों पर भी बराबर पकड़ है.और पढ़ें