Rinku Singh Lavish House And Mp Priya Saroj Sasural Inside Photo,सांसद को धर्मपत्नी बनाकर 3.5 करोड़ के घर में लाएंगे रिंकू सिंह, हवेली जैसा दिखता है आलीशान, देखें अंदर की तस्वीरें – rinku singh luxurious house inside photos in aligarh see mp priya saroj sasural royal design and other specialty – Life-hacks News
अपनी शानदार बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीतने वाले क्रिकेटर रिंकू सिंह सांसद से सगाई करने को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। जल्दी ही दोनों शादी भी करने वाले हैं। रिंकू की लाइफस्टाइल की बात करें तो 2024 में ही उन्होंने आलीशान घर खरीदा है। जिसकी तस्वीरें ना सिर्फ दिल जीत लेंगी बल्कि आपको भी होम डेकोर के लिए इंस्पायर करेंगी।

आपको बता दें, क्रिकेटर रिंकू सिंह के पास उत्तरप्रेदश के अलीगढ़ में ओजोन सिटी के गोल्डन एस्टेट में आलीशान घर है, जिसे उन्होंने 2024 में खरीदा था। लगभग 500 वर्ग गज में फैले हवेली जैसे आलीशान घर की कीमत 3.5 करोड़ रूपये बताई जाती है। इस घर में 6 बेडरूम, एक निजी स्विमिंग पूल, और छत पर एक बार शामिल है। घर की तस्वीरें रिंकू सिंह की बहन नेहा सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं, जो आपको भी पसंद आएंगी।
रिंकू सिंह के घर का बाहरी लेआउट
सबसे पहले घर के बाहरी लेआउट की बात करें तो यहां न्यूट्रल रंगों जैसे बेज और ग्रे का शानदार इस्तेमाल हुआ है, जो एक प्रीमियम लुक देता है। घर की दीवारों पर स्टोन क्लैडिंग और लकड़ी के फिनिश वाले पैनल हैं। चौड़ी कांच की खिड़कियां और बड़े बालकनी स्पेस घर को हवादार और रोशनी से भरपूर बनाते हैं।
घर का मंदिर है बेहद खूबसूरत
लिविंग एरिया की ओर बढ़ने से पहले रिंकू सिंह के घर का मंदिर देख लीजिए। यहां सफेद संगमरमर से बना एक भव्य और ऊंचा प्लेटफॉर्म है, जिस पर देवी-देवताओं की प्रतिमाएं हैं। गुलाबी रोशनी के साथ जाली का काम किया गया है, जो पूरे क्षेत्र को शांत माहौल देता है। दीवारों पर भगवान राम और सीता की सुंदर तस्वीरें लगी हैं और सजावट के लिए ताजे गेंदे के फूलों की मालाओं का उपयोग किया गया है।
रिंकू सिंह के घर का लिविंग एरिया
लिविंग एरिया में सफेद और क्रीम रंग के आरामदायक सोफे रखे गए हैं, जो कमरे को एक शानदार और बड़ा लुक देते हैं। दीवारों पर लगी बड़े आकार की कलरफुल पेंटिंग और कलाकृतियां लिविंग रूम की खूबसूरती को और बढ़ाती हैं। कमरे में बड़ी कांच की खिड़कियां और क्रीम रंग के लंबे पर्दे लगे हैं, जिससे पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी आती है। फर्श पर बिछा सुंदर कालीन और सजावटी सामान इस पूरे हिस्से को बेहद एलीगेंट बनाता है।
ट्रॉफी और यादगार चीजों से सजा एरिया
रिंकू सिंह के घर का ट्रॉफी और यादगार चीजों से सजा एरिया उनके शानदार क्रिकेट करियर की उपलब्धियों को दिखाता है। यहां एक स्टाइलिश काली जालीदार दीवार के साथ लकड़ी की शेल्फ बनी हुई हैं, जिस पर उनके करियर के अलग-अलग ‘मैन ऑफ द मैच’ अवॉर्ड्स और ‘इलेक्ट्रिक स्ट्राइकर’ जैसी ट्रॉफियां सजाई गई हैं।
एक स्पेशल कांच के केस में उनका क्रिकेट बैट भी है। यह हिस्सा न केवल आधुनिक लुक देता है, बल्कि उनकी कड़ी मेहनत की कहानी भी बयां करता है। यहां का फर्नीचर और लाइटिंग इस कोने को घर का सबसे इंस्पायर करने वाला एरिया बनाता है।
सबसे यादगार दीवार
रिंकू सिंह के घर की यह यादगार दीवार उनकी जिंदगी के सबसे अहम और गौरवशाली पलों को दिखाती है। इस सफेद दीवार पर करीने से फ्रेम की गई कई तस्वीरें लगी हैं, जो उनके शानदार क्रिकेट सफर और निजी जिंदगी की झलक दिखाती हैं। इन तस्वीरों में महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली जैसे दिग्गज क्रिकेटरों और राजनेताओं के साथ रिंकू सिंह नजर आ रहे हैं।
यह कोना भी है खास
घर का यह कोना भी सबसे खास है। यहां की मुख्य दीवार पर भूरे रंग के वर्टिकल वुडन पैनल्स लगे हैं, जो कमरे को एक शानदार टेक्सचर देते हैं। इस दीवार के सामने एक बड़ा स्मार्ट टीवी लगा है, जिसके नीचे सफेद मार्बल फिनिश वाला एक स्टाइलिश कंसोल रखा गया है। इस एरिया को और अधिक अट्रैक्टिव बनाने के लिए चांदी के रंग की खूबसूरत तेंदुए की मूर्ति और अन्य सजावटी सामान रखे गए हैं।
घर का डाइनिंग एरिया
रिंकू सिंह के घर का डाइनिंग एरिया मॉर्डन डिजाइन में बना है। यहां एक बड़ा और गहरे रंग का लकड़ी का डाइनिंग टेबल रखा है, जो परिवार के साथ भोजन करने के लिए पर्याप्त जगह देता है। इसके चारों ओर नीले रंग की आरामदायक मखमली कुर्सियां लगाई गई हैं, जो कमरे को आलीशान लुक देती हैं। दीवार पर बनी स्टाइलिश पैनलिंग और छत पर लगा आधुनिक झूमर इस क्षेत्र की शोभा बढ़ा रहे हैं।
बेडरूम का डिजाइन
इस घर में बेडरूम की बात करें तो कमरे की दीवारों पर हल्का क्रीम और ग्रे रंग का उपयोग हुआ है, जो शांत माहौल बनाता है। यहां एक आलीशान बड़े आकार का बेड है, जिसमें सिर की तरफ मुलायम भूरे रंग का कुशन पैनल लगा है। कमरे में फर्श पर लकड़ी का काम और प्राकृतिक रोशनी के लिए बड़ी खिड़कियां हैं, जो इसे मॉर्डन और एलीगेंट लुक देती हैं।
बालकनी और गार्डन एरिया
रिंकू सिंह के घर का बालकनी और गार्डन एरिया बेहद खूबसूरत है। घर की ऊपरी बालकनी में आर्टिफिशियल ग्रास का उपयोग किया गया है, जहां आरामदायक कुर्सियां और स्टाइलिश कांच की टेबल रखी है। यहां से बाहर का शानदार नजारा दिखता है।
वहीं, घर के बाहरी हिस्से में सुंदर गार्डन बना है, जो घने हरे पौधों और लकड़ी के ‘परगोला’ डिजाइन से सजा है। यहां एक बड़ा आरामदायक झूला भी लगा है, जो परिवार के साथ समय बिताने और रिलैक्स करने के लिए सबसे बेहतरीन जगह है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम पोस्ट और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।
